ताज़ा समाचार-->:
अब खबरें देश-दुनिया की एक साथ एक जगह पर-->

सिक्किम

२० साल से लगातार मुख्यमंत्री है पवन चामलिंग

गंगटोक

८ दिसंबर २०१४

सिक्किम के मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग 12 दिसंबर को मुख्यमंत्री के रूप में अपना 20वां वर्ष पूरा कर लेंगे और वर्तमान में सर्वाधिक समय तक किसी राज्य का मुख्यमंत्री रहने वाले पहले व्यक्ति बन जाएंगे। वह लगातार 20 साल से सिक्किम के मुख्यमंत्री हैं। पवन चामलिंग 12 दिसंबर, 1994 से ही सिक्किम के मुख्यमंत्री पद पर काबिज हैं। इससे पहले, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री कम्युनिस्ट नेता ज्योति बसु रिकॉर्ड 23 वर्षो तक मुख्यमंत्री पद पर रह चुके हैं, जो अब जीवित नहीं हैं।


मुख्यमंत्री चामलिंग भारतीय राजनीति में एक नया रिकॉर्ड बनाने की ओर अग्रसर हैं। वर्तमान कार्यकाल के मुताबिक, वह सिक्किम में 25 वर्षो तक मुख्यमंत्री पद संभालकर देश में सर्वाधिक समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले पहले व्यक्ति बनने की ओर अग्रसर हैं। चामलिंग के नेतृत्व में उनकी पार्टी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) लगातार पांचवीं बार राज्य विधानसभा चुनाव जीतने में कामयाब रही है। सत्तारूढ़ एसडीएफ ने मई 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत के साथ जीत दर्ज की है। देश के वह ऐसे पहले नेता होंगे, जो मुख्यमंत्री के रूप में अपने शासनकाल की रजत जयंती मनाएंगे। वर्ष 2014 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान वे शांति, सुरक्षा तथा विकास के वादे के दम पर प्रदेश की 32 में से 22 सीटें जीतने में कामयाब रहे। प्रदेश में बहुकोणीय मुकाबले के बावजूद उनकी पार्टी 55 फीसदी मत पाने में कामयाब रही। अपने 20 वर्षो के शासनकाल के दौरान वे प्रदेश में शांति, विकास, स्थिरता तथा कई विकासात्मक कार्यो को अमलीजामा पहनाने में सफल रहे हैं।

उनका जन्म 22 सितंबर, 1950 को दक्षिण सिक्किम के यांगयांग में हुआ था। वह कवि और लेखक भी हैं और सिक्किम साहित्य परिषद द्वारा उन्हें भानु पुरस्कार (2010) से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 1982 में वह यांगयांग ग्राम पंचायत के अध्यक्ष चुने गए थे। वर्ष 1985 में वह पहली बार विधानसभा चुनाव जीतने में कामयाब रहे। नर बहादुर भंडारी की कैबिनेट में वह वर्ष 1989-92 के दौरान उद्योग, सूचना तथा जनसंपर्क मंत्री रहे।


चामलिंग ने चार मार्च, 1993 को सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) का गठन किया। शांति, समृद्धि तथा विकास के मुद्दे पर उनके नेतृत्व में एसडीएफ वर्ष 1994, 1999, 2004 तथा 2009 का विधानसभा चुनाव जीतने में कामयाब रही। किसी राज्य का लगातार चार बार प्रतिनिधित्व करने वाले चामलिंग भारत के पहले मुख्यमंत्री हैं। उनकी पार्टी एसडीएफ सत्ता में पहली बार 1994 में आई, जिसके बाद प्रदेश में शांति बरकरार रखने तथा विकासात्मक कार्यो के कारण आगामी विधानसभा चुनावों को जीतने में कामयाब रही।


चामलिंग के साथ सबसे आश्चर्यजनक पक्ष यह है कि वर्ष 2009 में हुए विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी राज्य की कुल 32 सीटों में से 32 जीतने में कामयाब रही थी। उनके नेतृत्व में राज्य की साक्षरता दर में बेहद वृद्धि हुई। 2011 में सिक्किम की साक्षरता दर 82.6 फीसदी दर्ज की गई, जबकि वर्ष 1994 में यह 56 फीसदी ही थी। 2015 तक सिक्किम देश का दूसरा पूर्ण साक्षर राज्य बन जाएगा।

मुख्यमंत्री ने 58168 हेक्टेयर भूमि के साथ राज्य को पूरी तरह जैविक राज्य बनाने का कार्यक्रम शुरू किया था, जिसकी प्रशंसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी की थी। हाल ही में मुख्यमंत्री ने अतिमहत्वाकांक्षी मिशन हेल्दी सिक्किम 2015 योजना की शुरुआत की है, ताकि राज्य भर में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में समानता सुनिश्चित की जा सके।


जरा ठहरें...
 
 
Third Eye World News
इन तस्वीरों को जरूर देखें!
Jara Idhar Bhi
जरा इधर भी

Site Footer
इस पर आपकी क्या राय है?
चीन मुद्दे पर क्या सरकार ने जितने जरूरी कठोर कदम उठाने थे, उठाए कि नहीं?
हां
नहीं
पता नहीं
 
     
ग्रह-नक्षत्र और आपके सितारे
शेयर बाज़ार का ताज़ा ग्राफ
'थर्ड आई वर्ल्ड न्यूज़' अब सोशल मीडिया पर
 फेसबुक                                 पसंद करें
ट्विटर  ट्विटर                                 फॉलो करें
©Third Eye World News. All Rights Reserved.
Design & Developed By : AP Itechnosoft Systems Pvt. Ltd.